झांसी में कुत्ते को बचाने में दो किसानों की मौत:करंट की चपेट में आ गया था, बचाने में पहले एक और फिर दोस्त को लगा झटका
![]()
झांसी में कुत्ते को बचाने में दो किसानों की मौत:करंट की चपेट में आ गया था, बचाने में पहले एक और फिर दोस्त को लगा झटका
झांसी में करंट की चपेट में आए कुत्ते को बचाने में दो किसानों की मौत हो गई। दोनों खेत पर पानी लगाने गए थे। वहां टूटे हुए बिजली तार की चपेट में आने से कुत्ते को करंट लग गया। उसे बचाते समय किसान भी करंट की चपेट में आ गए। यह देख दूसरा किसान बचाने पहुंचा तो वह भी करंट लग गया। करंट से दोनों किसान दोस्तों और कुत्ते की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला बबीना थाना क्षेत्र के मथुरापुरा गांव का है। अब पूरा मामला विस्तार से खेत में पानी लगाने गए थे मृतकों की पहचान सरमन पाल (58) पुत्र कुंजी पाल और देवसिंह विश्वकर्मा (55) पुत्र हरलाल के रूप में हुई है। दोनों बबीना के मथुरापुरा गांव के रहने वाले थे। मृतक के बेटे महेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि मेरे पिता देवसिंह विश्वकर्मा रविवार रात को खेत पर सब्जी की फसल में पानी लगा रहे थे। पड़ोस में सरमन पाल का खेत है। इस दौरान टूटे हुए बिजली तार की चपेट में आने से स्ट्रीट डॉग को करंट लग गया। पिता ने देखा तो वह फावड़ा लेकर बचाने पहुंच गए। बचाने में वह भी करंट की चपेट में आ गए। चिल्लाने की आवाज सुनकर सरमन पाल आ गए। दोनों को बचाने में सरमन भी चपेट में आ गए। मेरे पिता, उनके दोस्त सरमन और कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन खेत पर पहुंचे तो मृत पड़े थे रात लगभग 11 बजे तक दोनों घर नहीं लौटे तो देवसिंह विश्वकर्मा का बेटा रोहित खेत पर पहुंचा। वहां दोनों बेसुध पड़े थे। उसके फोन करने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजना दोनों को अस्पताल लेकर आए। यहां पर उनको मृत घोषित कर दिया गया। दो मौत होने से गांव में मातम का माहौल है। देवसिंह विश्वकर्मा के 3 बेटे महेंद्र, रोहित और रामकुमार व दो बेटियां भारती और हसमुखी है। सभी की शादी हो चुकी है। पति की मौत के बाद पत्नी सुदामा का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं, सरमन पाल की शादी नहीं हुई। पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया बबीना थाना प्रभारी विनय कुमार साहू ने बताया कि करंट की चपेट में आए कुत्ते को बचाने में सरमन पाल और देवसिंह विश्वकर्मा की मौत हो गई। आज पंचनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम कराया गया है। आगे की जांच की जा रही है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
