![]()
4 पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा:SSP से लगाई थी मदद की गुहार, परिजन बोले- कर्ज चुकाने के बाद भी प्रेशर बना रहे थे सूदखोर
बदायूं में एक युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। युवक ने आत्महत्या से पहले एसएसपी अंकिता शर्मा को संबोधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। आरोप है कि आरोपियों ने उधार ली गई रकम ब्याज सहित लौटाने के बाद भी युवक पर और पैसे देने का दबाव बनाया और उसे प्रताड़ित किया। यह मुकदमा युवक की पत्नी की शिकायत पर दर्ज किया गया है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के महाराजनगर निवासी सोनू शर्मा सब्जी बेचने का काम करते थे। उनकी पत्नी मोहिनी द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार, सोनू ने लगभग पांच साल पहले शहर के कौशल गुप्ता और सौरव गुप्ता से चार लाख रुपये उधार लिए थे। इसके अतिरिक्त, उन्होंने पक्काबाग थाना कोतवाली निवासी सचिन मौर्या और उनके पिता अनिल मौर्या से एक लाख रुपये का कर्ज लिया था। मोहिनी के मुताबिक, सोनू ने सभी कर्जदारों को ब्याज सहित पूरी रकम लौटा दी थी। इसके बावजूद, आरोपी सोनू से लगातार और पैसों की मांग कर रहे थे। वे सोनू को आए दिन धमकियां देते और प्रताड़ित करते थे। इस उत्पीड़न से तंग आकर सोनू ने 17 मार्च को मझिया नगला चौराहे पर जहर खा लिया। उन्हें इलाज के लिए बरेली ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। सोनू के बड़े भाई मनोज शर्मा ने बताया कि उनके भाई ने कर्ज के कारण जहर खाकर आत्महत्या की है। उन्होंने आरोप लगाया कि नामजद आरोपी सुबह ही मंडी पहुंच जाते थे और सोनू के साथ गाली-गलौज करते थे, जिससे वह बहुत परेशान हो गया था। मनोज के अनुसार, चार लाख रुपये के बदले नौ लाख रुपये दिए जा चुके थे और वे रोजाना एक हजार रुपये देते थे। आरोपियों ने कथित तौर पर कहा था कि वे पैसा वसूलना जानते हैं। मनोज ने यह भी बताया कि सोनू का काम एक महीने से बंद था, जिससे उसकी परेशानी और बढ़ गई थी। कर्ज लेकर लौटाया था कर्ज परिजनों के मुताबिक आरोपियों का कर्जा और ब्याज लौटाने के लिए सोनू ने अपने साढू से 50 हजार रुपये लिए थे। तीन लोन सास के नाम पर लिए थे। फाइनेंस कंपनी से भी गोल्ड लोन लिया था। ताकि किसी तरह कर्ज से मुक्ति मिल जाए लेकिन आरोपीगण फिर भी रुपया मांग रहे थे। सोनू के परिवार में चार साल का बेटा वासु और आठ महीने की बेटी प्रशा है। वीडियो में ये बोला था सोनू एसएसपी अंकिता शर्मा जी मैं आत्महत्या कर रहा हूं। मेरी मौत का कारण कौशल गुप्ता, सौरभ गुप्ता व अनिल मौर्य हैं। मैंने इन लोगों से कर्जा लिया था। मैं इन लोगों को पैसे से ज्यादा इंट्रेस्ट दे चुका हूं फिर भी इन लोगों का कर्जा खत्म नहीं हो रहा है। इन लोगों ने मुझ पर ऐसा दबाव डाला मेरा सारा काम बंद हो गया। मैं एक महीने से घर पर खाली बैठा हूं, आर्थिक तंगी के कारण मैं आत्महत्या कर रहा हूं। आरोपियों में एक वकील है जो वकील होने की धमकी देता है, एक आरोपी सांसद जी के यहां नौकरी करता है वो भी धमकी देता है। इन लोगों की वजह से मेरा काम खराब हुआ है, इसलिए मैं आत्महत्या कर रहा हूं, एसएसपी साहिबा मेरी मदद करिये।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply