हमीरपुर में इंजीनियर ने की आत्महत्या:पत्नी के मायके में रहने से तनाव में था, कमरे में फंदे से लटका मिला शव, जेब से सुसाइड नोट मिला
![]()
हमीरपुर में इंजीनियर ने की आत्महत्या:पत्नी के मायके में रहने से तनाव में था, कमरे में फंदे से लटका मिला शव, जेब से सुसाइड नोट मिला
सुमेरपुर क्षेत्र के इंगोहटा गांव में सोमवार को एक इंजीनियर ने पत्नी के मायके से वापस न आने के कारण आत्महत्या कर ली। वह मध्य प्रदेश की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। इंगोहटा निवासी राजेश्वरी कुशवाहा ने बताया कि उनका 28 वर्षीय पुत्र आशीष उर्फ बीरू कुशवाहा रविवार रात अपने कमरे में सोने गया था। सोमवार सुबह जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आया, तो मां उसे जगाने पहुंची। कमरे में आशीष का शव छत पर लगे सीलिंग फैन से साड़ी के सहारे लटका मिला। मां राजेश्वरी के अनुसार, आशीष का विवाह एक वर्ष पूर्व कुंडौरा गांव निवासी से हुआ था। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी, जिसके कारण उसकी पत्नी अपने मायके में रह रही थी। पत्नी के ससुराल न लौटने से आशीष लंबे समय से मानसिक तनाव में था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार, आशीष ने रविवार को ही घर में नया सीलिंग फैन लगवाया था, जिसका इस्तेमाल उसने आत्महत्या के लिए किया। राजेश्वरी ने यह भी बताया कि एक वर्ष पूर्व उनके पति चंद्रपाल की मृत्यु कैंसर से हुई थी। आशीष दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई अभिषेक उर्फ विशाल मथुरा में बीटेक की पढ़ाई कर रहा है, जिसे भाई की मृत्यु की सूचना दे दी गई है। चौकी इंचार्ज मनीष पटेल ने बताया कि मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। फील्ड यूनिट ने इसे अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, तहरीर मिलने के बाद परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में सुसाइड नोट खोला जाएगा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
