जालौन में युवक की संदिग्ध हालत में मौत:कमरे में बंद कर आग लगाने की आशंका, भाई बोला- कर्ज से था परेशान
![]()
जालौन में युवक की संदिग्ध हालत में मौत:कमरे में बंद कर आग लगाने की आशंका, भाई बोला- कर्ज से था परेशान
जालौन के कोटरा थाना क्षेत्र के ऐंधा गांव में रविवार शाम एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कमरे में आग लगने से उसका दम घुट गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक ने कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या की है। परिजनों के अनुसार, मृतक पर आर्यावर्त बैंक का एक लाख रुपए से ज्यादा का कर्ज था। फसल बर्बाद होने के कारण वह काफी तनाव में था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। मृतक की पहचान 33 वर्षीय बृजकिशोर के रूप में हुई है, जो खेती के साथ मजदूरी कर जीवन यापन करता था। शराब के नशे में घर पहुंचा
रविवार शाम वह शराब के नशे में घर पहुंचा और परिजनों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कमरे में जाने के बाद बृजकिशोर ने वहां रखे कपड़ों को इकट्ठा किया और चारपाई को दरवाजे से टिकाकर रास्ता बंद कर दिया। इसके बाद उसने कपड़ों में आग लगा दी। कुछ ही देर में कमरे से धुआं निकलता देख परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खोलकर बृजकिशोर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दम घुटने से उसकी मौत हो चुकी थी। घटना में उसके हाथ भी झुलस गए थे। सूचना मिलने पर कोटरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी विमलेश सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। भाई बोला- कर्ज से था परेशान
वहीं, मृतक के भाई मानसिंह का कहना है कि ब्रजकिशोर के ऊपर आर्यावर्त बैंक का एक लाख रुपये का कर्ज था, फसल की बर्बादी और कर्ज की भोज तले उसने अत्यधिक शराब पी ली इसके बाद उसने कमरे में आग लगा ली, जिस कारण उसकी मौत हुई है।
इस मामले में कोटरा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विमलेश कुमार का कहना है कि परिजनों की तरफ से ऐसी कोई भी बात नहीं बताई गई है लेकिन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस मामले की भी जांच की जा रही है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
