कासगंज मिशन हॉस्पिटल में पैरामेडिकल छात्रों का हंगामा:स्टाफ पर अभद्रता, धमकी और उत्पीड़न का लगाया आरोप; पुलिस पहुंची
![]()
कासगंज मिशन हॉस्पिटल में पैरामेडिकल छात्रों का हंगामा:स्टाफ पर अभद्रता, धमकी और उत्पीड़न का लगाया आरोप; पुलिस पहुंची
कासगंज के नदरई गेट स्थित मिशन हॉस्पिटल में पैरामेडिकल छात्रों ने हंगामा किया। छात्रों ने अस्पताल स्टाफ और ट्यूटर पर शारीरिक दुर्व्यवहार, धमकी और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। विरोध में छात्रों ने मिशन हॉस्पिटल के बाहर और मिशन चौराहे पर मथुरा-बरेली मार्ग पर जाम लगा दिया और नारेबाजी की। सूचना मिलने पर तहसीलदार बलवंत उपाध्याय मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों को समझा-बुझाकर सड़क खाली कराई और कार्रवाई का आश्वासन दिया। छात्रों ने तहसीलदार को एक ज्ञापन भी सौंपा। शहर के क्रिश्चियन कॉलेज के ओटी छात्रों ने तहसीलदार और कासगंज पुलिस को संबोधित शिकायत पत्र में बताया कि स्टाफ और ट्यूटर उनके साथ शारीरिक दुर्व्यवहार करते हैं। आवाज उठाने पर प्रैक्टिकल के नंबर काटने की धमकी दी जाती है। छात्रों ने मिस्टर रॉबिन और राजीव गुप्ता पर नंबर काटने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी बताया कि रूथ मैम भी नंबर काटने की धमकी देती हैं। ज्योति पर छात्रों ने चुप रहने के लिए कहने का आरोप लगाया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि कॉलेज की डायरेक्टर नीना लॉयल छात्रों का साथ देना चाहती हैं, लेकिन उनके अधिकार छीन लिए गए हैं। छात्रों को न तो ठीक से क्लास मिल रही है और न ही प्रैक्टिकल कराए जा रहे हैं। तहसीलदार बलवंत उपाध्याय के साथ बजरंग दल के अमरीश वशिष्ठ, पुलिस और पीएसी भी मौके पर पहुंची। छात्रों ने अपनी शिकायत में दो दिन के भीतर कार्रवाई और अपने कोऑर्डिनेटर व डायरेक्टर नीना लॉयल को वापस कॉलेज में बहाल करने की मांग की है। इस प्रदर्शन की खबर मिलने के बाद कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनोज पांडेय भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल, प्रदर्शनकारी छात्रों और प्रशासन के बीच बातचीत जारी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
