शाहजहांपुर में 3 दिन से लापता व्यक्ति का शव मिला:ओवरब्रिज के नीचे मिली लाश, मुकदमे की तारीख से लौट रहा था घर
![]()
शाहजहांपुर में 3 दिन से लापता व्यक्ति का शव मिला:ओवरब्रिज के नीचे मिली लाश, मुकदमे की तारीख से लौट रहा था घर
शाहजहांपुर में एक ओवरब्रिज के नीचे एक व्यक्ति का शव मिला है। मृतक की पहचान मुकीमपुर निवासी चरनजीत सिंह (45) के रूप में हुई है। चरनजीत 3 अप्रैल से लापता थे। चरनजीत सिंह 3 अप्रैल को शाहजहांपुर कोर्ट में एक मुकदमे की तारीख पर आए थे। तारीख मिलने के बाद उन्होंने अपनी बेटी को फोन पर इसकी सूचना दी थी और बताया था कि वह पुवायां लौट रहे हैं। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने बताया कि चरनजीत को पुवायां तक कई लोगों ने देखा था, लेकिन वह परिवार से नहीं मिल पाए। उनकी काफी तलाश की गई। 5 अप्रैल को परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने भी उनकी तलाश शुरू कर दी थी। बीती रात पुवायां में ही एक ओवरब्रिज के नीचे उनका शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव की पहचान कराई और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के साले ने बताया कि चरनजीत का कुछ समय पहले पुवायां मंडी में धान बेचने के बाद एक विवाद हुआ था, जिसके चलते उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। उन्होंने बताया कि चरनजीत का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
