सड़क, बिजली, बाढ़ राहत के काम कराए:गाजीपुर से सपा विधायक जै किशुन बोले- शहर में नमामि गंगे और सीवर का काम नहीं हो रहा
![]()
सड़क, बिजली, बाढ़ राहत के काम कराए:गाजीपुर से सपा विधायक जै किशुन बोले- शहर में नमामि गंगे और सीवर का काम नहीं हो रहा
गाजीपुर सदर सीट से समाजवादी पार्टी विधायक जै किशुन साहू ने अपने चार साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने विकास कार्यों को गिनाया, साथ ही यह भी कहा कि सरकार में न होने के कारण कई बड़े प्रोजेक्ट अधूरे रह गए। सवाल: अपने कार्यकाल में आपने कौन-कौन से प्रमुख काम कराए?
जवाब: नंदगंज बाजार, सादियाबाद मोड़ और चोचकपुर मोड़ जैसी जर्जर सड़कों को ठीक कराया गया। पहले यहां कीचड़ की समस्या थी, लेकिन अब सीसी रोड बनने से आवागमन आसान हुआ है। सिरगिथा बाजार में करीब 900 मीटर सीसी रोड बनवाई गई और हरिहरपुर बाजार में भी सड़क निर्माण कराया गया, जिससे लोगों को राहत मिली। सवाल: क्षेत्र की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए क्या प्रयास किए?
जवाब: नंदगंज में नाले की बड़ी समस्या थी, जिसे जिला पंचायत के सहयोग से स्वीकृति दिलाई गई। इसके अलावा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, खासकर धर्मरपुर में स्थानीय प्रधानों और ग्रामीणों के साथ मिलकर योजना बनाई गई, जिससे हजारों बीघा कृषि भूमि को बाढ़ से बचाया जा सका। कई सड़कों की ऊंचाई और चौड़ाई भी बढ़ाई गई है। सवाल: बिजली व्यवस्था को लेकर क्या सुधार हुए?
जवाब: बिजली विभाग के साथ समन्वय बनाकर पावर हाउसों में तकनीकी सुधार कराए गए। एमसीबी और इनकमिंग-आउटगोइंग सिस्टम बदले गए, जिससे ट्रिपिंग की समस्या कम हुई और बिजली आपूर्ति बेहतर हुई। सवाल: कौन से काम हैं जो आप नहीं कर पाए?
जवाब: सरकार में न होने के कारण कई बड़े काम अधूरे रह गए। शहर की बदहाल स्थिति, सीवर और नमामि गंगे परियोजना में देरी पर नाराजगी है। ठेकेदारों की मनमानी और अधिकारियों की कमी के कारण काम प्रभावित हो रहे हैं। शहर की तस्वीर बदलना अभी अधूरा सपना है। सवाल: सीवर और खुदाई कार्य से जनता को हो रही परेशानी पर आपका क्या कहना है?
जवाब: योजनाओं की सही मॉनिटरिंग नहीं हो रही है। बड़े अधिकारी जिले में समय नहीं देते, जिससे ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं। अगर काम सही तरीके से होता, तो जनता को इतनी परेशानी नहीं होती। सवाल: अपने काम को 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: मैं खुद को नंबर देने वाला नहीं हूं। मैं एक परीक्षार्थी हूं और जनता ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे निभाने की पूरी कोशिश कर रहा हूं। हमेशा लोगों के सुख-दुख में शामिल रहता हूं। सवाल: 2027 चुनाव को लेकर आपकी क्या तैयारी है?
जवाब: मैं क्षेत्र में रहकर राजनीति करता हूं और जनता की सेवा मेरी प्राथमिकता है। टिकट देना या न देना पार्टी नेतृत्व का निर्णय है, लेकिन मेरी दावेदारी मजबूत है और समय आने पर चुनाव लड़ूंगा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
