उन्नाव में बाइक टक्कर से युवक की मौत:असोहा थाना क्षेत्र में हादसा, पीछे पत्नी और दो बच्चे छोड़ गया
![]()
उन्नाव में बाइक टक्कर से युवक की मौत:असोहा थाना क्षेत्र में हादसा, पीछे पत्नी और दो बच्चे छोड़ गया
उन्नाव के असोहा थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मोहनलालगंज के सुलसामऊ हिलगी निवासी सोहित यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा असोहा थाना क्षेत्र के गोडियन खेड़ा और रानीपुर गांव के बीच हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सोहित यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही असोहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को एम्बुलेंस की मदद से उन्नाव जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद सोहित यादव को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि सोहित यादव अमौसी एयरपोर्ट क्षेत्र से हंसनापुर आए थे और वहां से अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दुर्घटना हुई। सोहित पेशे से ड्राइवर थे और निजी गाड़ियां चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें दो वर्ष की बेटी सृष्टि और एक वर्ष का बेटा सुप्रीत शामिल हैं। युवक की आकस्मिक मौत से परिवार सदमे में है। सोमवार सुबह परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कराई, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और दूसरी बाइक सवार की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
