भास्कर न्यूज |कुरसेला चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा का शुभारंभ शनिवार से नहाय-खाय के साथ हो गया। सूर्य उपासना और छठी मैया की आराधना में पूरा कुरसेला क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब चुका है। घाटों, तालाबों और आंगन में व्रती व श्रद्धालु तैयारियों में जुटे हुए हैं। छठ पूजा को लेकर कुरसेला चौक बाजार व अयोध्यागंज बाजार में पूजन सामग्रियों की खरीददारी को लेकर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रतियों के परिवारजन सूप-दउरा, अरवा चावल, केला, धूप-अगरबत्ती, पूजन सामग्री और फल की खरीददारी में व्यस्त रहे। दुकानों के साथ-साथ फुटपाथ पर लगी अस्थायी दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। नहाय-खाय के दिन के लिए अनिवार्य माने जाने वाले कद्दू की खरीददारी आज भी जोरों पर रही। भारी मांग के चलते कद्दू के दामों में उछाल आया और यह 50 से 70 रुपए प्रति पीस तक बिका। पूरे कुरसेला परिक्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गोताखोरों की तैनाती, बैरिकेडिंग, रोशनी और चिकित्सीय सुविधा की व्यवस्था की जा रही है। जनप्रतिनिधियों ने व्रतियों से अपील की है कि वे असुरक्षित घाटों पर अर्घ्य न दें। आस्था, स्वच्छता और सामाजिक एकता का संदेश छठ पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह सामाजिक एकता, अनुशासन और स्वच्छता का संदेश देता है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग अपने-अपने तालाबों, नदियों और कृत्रिम घाटों पर व्रत की तैयारियों में लगे हैं। यह पर्व परिवार की सुख-समृद्धि और मनोवांछित फल प्राप्ति के लिए मनाया जाता है। सालमारी | आस्था और श्रद्धा के महापर्व छठ को लेकर सालमारी क्षेत्र पूरी तरह धार्मिक उत्साह और उमंग से सराबोर है। शनिवार को नहाय-खाय के साथ इस चार दिवसीय पर्व की शुरुआत हुई। श्रद्धालुओं ने परंपरा के अनुसार कद्दू-भात बनाकर सूर्य देव की आराधना की। रविवार को खरना के साथ व्रत की औपचारिक शुरुआत होगी। वहीं सोमवार की शाम को श्रद्धालु डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे और मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पर्व का समापन करेंगे। छठ को लेकर सालमारी मुख्य बाजार में शनिवार को खरीदारी करने वालों की भारी भीड़ देखी गई। बाजार में बांस की टोकरी, सुप, दौरा, नारियल, फल, गन्ना, केला, सिंघाड़ा, मूली, नींबू, सेब, मिठाई और पूजन सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु पूरे विधि-विधान से पूजन सामग्री जुटाने में लगे रहे। हर तरफ छठ मइया के भजन और गीतों की गूंज से माहौल भक्तिमय बना हुआ है।
https://ift.tt/ge6krKn
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply