गोबर डालने को लेकर महिलाओं से मारपीट:उन्नाव में बहू-सास को घसीटकर पीटा, वीडियो आने पर 2 आरोपी गिरफ्तार

उन्नाव के बहरौला गांव में गोबर डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक परिवार की महिलाओं को घसीटकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस घटना में श्याम सुंदर, उनकी पत्नी सरला और बेटे नितिन ने अवधेश कुमार की पत्नी कांति और मां श्रीदेवी पर हमला किया। घटना की जानकारी के मुताबिक, श्याम सुंदर और उनका परिवार अवधेश के घर के सामने गोबर डाल रहे थे। कांति और श्रीदेवी ने इसका विरोध किया। इस पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी महिलाओं को घसीटकर पीट रहे हैं। मारपीट में कांति और श्रीदेवी गंभीर रूप से घायल हुईं। दोनों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मारपीट और महिलाओं से दुर्व्यवहार का मुकदमा दर्ज किया। गंगाघाट कोतवाली पुलिस ने श्याम सुंदर और उनके बेटे नितिन को गिरफ्तार कर लिया है। सरला की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

Read More

Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर