संभल में युवक ने की आत्महत्या:नशे के इंजेक्शन लगाने को लेकर पत्नी और पिता से झगड़ा हुआ था
![]()
संभल में युवक ने की आत्महत्या:नशे के इंजेक्शन लगाने को लेकर पत्नी और पिता से झगड़ा हुआ था
संभल में नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक पांच साल पहले अपने परिवार से अलग होकर मूल गांव से 28 किलोमीटर दूर दूसरे गांव में रहने लगा था। यह घटना संभल जनपद के थाना असमोली क्षेत्र के गांव तलवार की है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय जाकिर के रूप में हुई है, जो सारंगपुर, थाना कैलादेवी का निवासी था। बीते रविवार सुबह करीब 8 बजे जाकिर का अपनी पत्नी गुले शादाब से नशे का इंजेक्शन लगाने को लेकर झगड़ा हो गया था। पत्नी ने इसकी सूचना जाकिर के पिता मनफूल अहमद को फोन पर दी। पिता कुछ लोगों के साथ गांव तलवार पहुंचे, जहां बेटे से उनका भी विवाद हुआ। इसी झगड़े के बाद शाम करीब 4 बजे जाकिर ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे पहले गांव के डॉक्टर को दिखाया गया, फिर एक निजी अस्पताल ले जाया गया। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे इलाज के दौरान जाकिर ने दम तोड़ दिया। पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और वे शव को गांव ले आए। सूचना पर थाना पुलिस मृतक के घर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी गुले शादाब ने बताया कि उनकी शादी छह साल पहले हुई थी। बेटी के जन्म के तीन महीने बाद जाकिर ने नशे के इंजेक्शन लेना शुरू कर दिया था। उन्होंने पहले भी संभल कोतवाली में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गुले शादाब ने बताया कि जाकिर महीने में सिर्फ एक-दो दिन काम करता था और बाकी दिन इंजेक्शन लगाता था। वह खुद गांव शहबाजपुर कलां में आशा कार्यकर्ता के रूप में काम करती हैं। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई है। परिजनों की मांग पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, सभी आरोपों की जांच करते हुए पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
