बागपत में 170 दुर्लभ तोते बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार:राजस्थान से गाजियाबाद ले जाए जा रहे थे तोते, दो फरार
![]()
बागपत में 170 दुर्लभ तोते बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार:राजस्थान से गाजियाबाद ले जाए जा रहे थे तोते, दो फरार
बागपत पुलिस और एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन की टीम ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के पास से 170 दुर्लभ प्रजाति के तोते बरामद किए हैं। इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार हो गए। यह कार्रवाई मवीकला टोल के निकट एक संदिग्ध गाड़ी को रोकने के बाद की गई। गाड़ी की तलाशी के दौरान उसमें सात प्लास्टिक के बक्से मिले, जिनमें तोतों को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस और एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है। एनिमल वेलफेयर ऑफिसर गौरव गुप्ता ने बताया कि उन्हें तोतों की तस्करी के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद एक जाल बिछाया गया और बागपत पुलिस से संपर्क किया गया। गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान कन्नौज निवासी खुर्शीद, मोहसिन और राजा के रूप में हुई है। फरार हुए दो साथियों के नाम शमीम और सोहराब बताए गए हैं, जिनकी तलाश जारी है। गुप्ता ने यह भी जानकारी दी कि ये तोते राजस्थान से गाजियाबाद के लोनी ले जाए जा रहे थे। तस्कर एक निजी गाड़ी का इस्तेमाल कर रहे थे। सूचना के आधार पर ही इन आरोपियों को पकड़ा गया। फिलहाल, बागपत पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार तस्करों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
