कृषि विवि कुलपति का 6 साल का कार्यकाल पूरा:सम्मान समारोह में कुलपति बोले- छात्र-छात्राओं की संख्या 1800 से बढ़कर 3300 हुई
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह के छह वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह समारोह विश्वविद्यालय के एग्री बिजनेस मैनेजमेंट प्रेक्षागृह में हुआ, जिसमें उनकी धर्मपत्नी मीना सिंह भी उपस्थित रहीं। विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों, वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने कुलपति और उनकी धर्मपत्नी को बुके व माला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय ने जो मुकाम हासिल किया है, वह पूरे विश्वविद्यालय परिवार की एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को आगे बढ़ाने के लिए यहां के शिक्षकों और कर्मचारियों में किसी भी कार्य को पूर्ण करने की क्षमता है। कुलपति ने सभी से संस्था के प्रति ईमानदारी से कार्य करने का आग्रह किया और विश्वविद्यालय को आगे बढ़ाने में मजदूर वर्ग के अहम योगदान को भी सराहा। कृषि अधिष्ठाता डॉ. डी.के. सिंह ने कुलपति के कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसमें 24 राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने यह भी बताया कि छात्र-छात्राओं की संख्या 1800 से बढ़कर 3300 हो गई है, जो गर्व का विषय है। निदेशक प्रशासन डॉ. सुशांत श्रीवास्तव ने कहा कि कुलपति का छह वर्ष का कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा। उन्होंने बताया कि 700 विश्वविद्यालयों के बीच एनआईआरएफ रैंकिंग में नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय का नाम आना सम्मान की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस बार विश्वविद्यालय प्रतिष्ठित क्यू.एस. (Q.S) रैंकिंग में भी अपना नाम दर्ज करेगा। कुलपति के सचिव डॉ. जसवंत सिंह ने बताया कि कुलपति के कार्यकाल में विश्वविद्यालय के स्वरूप, शिक्षा और शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण परिवर्तन आए हैं। उन्होंने मखाने की खेती की शुरुआत और विदेशी छात्र-छात्राओं की संख्या में तेजी से हुई वृद्धि का भी उल्लेख किया। डॉ. जसवंत सिंह ने सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का संचालन डॉ. सीताराम मिश्रा ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Curated by DNI Team | Source: https://ift.tt/aBMIXEs
Leave a Reply