हमीरपुर में दिखे एक बाइक पर 6 सवार:पुलिस बाइक सवारों की तलाश में जुटी, ट्रैफिक नियमों के तहत होगी कार्रवाई
![]()
हमीरपुर में दिखे एक बाइक पर 6 सवार:पुलिस बाइक सवारों की तलाश में जुटी, ट्रैफिक नियमों के तहत होगी कार्रवाई
हमीरपुर में एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक ही बाइक पर छह लोग सवार होकर हाईवे पर फर्राटा भरते नजर आ रहे हैं। इस दौरान बाइक को किसी कार सवार ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब आपके सामने है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बाइक पर एक महिला और एक पुरुष के साथ चार बच्चे बैठे हुए हैं। हैरानी की बात यह है कि एक छोटा बच्चा बाइक के हैंडल पर लटक कर सोता हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे इस सफर की खतरनाक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। माना जा रहा है कि बाइक पर सवार सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं। वीडियो की पड़ताल में पता चला कि यह हमीरपुर से जालौन की ओर जाने वाले हाईवे का है। बताया जा रहा है कि आज इस हाईवे पर एक बाइक पर चार बच्चों के साथ एक महिला और पुरुष जालौन की तरफ जाते दिखाई दिए थे। हालांकि यह लोग कौन थे और कहां के रहने वाले थे, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। एक बाइक पर पूरा परिवार सवार होकर हाईवे पर निकलने का यह वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से न सिर्फ खुद की जान खतरे में पड़ती है बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी खतरा पैदा हो जाता है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की सोशल मीडिया सेल ने जवाब देते हुए बताया है कि कुरारा थाना पुलिस बाइक सवारों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ ट्रैफिक नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
