अंबेडकरनगर में सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव:पुलिस ने संभाले हालात, फायर ब्रिगेड देरी से पहुंची
![]()
अंबेडकरनगर में सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव:पुलिस ने संभाले हालात, फायर ब्रिगेड देरी से पहुंची
अंबेडकरनगर के बसखारी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। अकबरपुर-बसखारी मार्ग पर हरैया के पास एक सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव होने लगा, जिससे करीब आधे घंटे तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। आजमगढ़ से सीएनजी गैस लेकर आ रहा वाहन अकबरपुर स्थित जगमोहन पांडे फिलिंग स्टेशन की ओर जा रहा था। हरैया हनुमान मंदिर के सामने पहुंचते ही टैंकर से अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस की तेज गंध फैलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और वे सुरक्षित दूरी पर चले गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर आवागमन रोक दिया। उपनिरीक्षक ओंकार पटेल, हेड कांस्टेबल दीपचंद यादव, सुरजीत वर्मा और अजय यादव ने मोर्चा संभाला। उन्होंने लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सका। हालांकि, सूचना दिए जाने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम करीब आधे घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी ही स्थिति को नियंत्रित करते रहे। टैंकर से गैस पूरी तरह निकल जाने के बाद ही स्थिति सामान्य हुई और यातायात बहाल किया गया। समय पर राहत टीम के न पहुंचने से फायर ब्रिगेड की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
