औरैया में विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा की बैठक:संगठन मजबूती, शिक्षा और विद्यालय विकास पर हुए निर्णय
![]()
औरैया में विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा की बैठक:संगठन मजबूती, शिक्षा और विद्यालय विकास पर हुए निर्णय
औरैया: अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय मोहल्ला ब्रह्मनगर स्थित मैथिल जूनियर विद्यालय परिसर में आयोजित की गई। इस दौरान संगठन की मजबूती एवं विस्तार, बच्चों की शिक्षा-दीक्षा और मैथिल स्कूल में नवीन कार्य करने के लिए धन जुटाने की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में पिछली कार्यवाही की पुष्टि के उपरांत एजेंडा के बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श हुआ और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मौजूद वक्ताओं ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के जिलाध्यक्ष राम आसरे विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में परिवार को एकजुट बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने समाज के लोगों से अपने बच्चों के पठन-पाठन और संस्कारों पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया, ताकि उनका शिक्षा के साथ संस्कार युक्त चौमुखी विकास हो सके। जिलाध्यक्ष के इस सुझाव का उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से समर्थन किया। संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यालय परिसर और इमारत में काफी कमियां देखने को मिल रही हैं। समाजसेवी रामकुमार शर्मा ने ‘संघे शक्ति सर्वदा’ के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि आज के समय में संगठन की एकजुटता ही काम कर सकती है। बैठक में प्रमुख रूप से वरिष्ठ समाजसेवी नाथूराम शर्मा, एडवोकेट अंकित शर्मा, लालू शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
