डीएम ने 12 अधिकारियों का अप्रैल का वेतन रोका:संतकबीर नगर में आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल प्रशिक्षण बैठक में अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई
![]()
डीएम ने 12 अधिकारियों का अप्रैल का वेतन रोका:संतकबीर नगर में आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल प्रशिक्षण बैठक में अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर अधिकारियों/कर्मचारियों के पंजीकरण और प्रशिक्षण की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने पर सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) सहित कुल 12 अधिकारियों का अप्रैल माह का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने का निर्देश दिया है। यह समीक्षा बैठक जिले के सभी विभागों के शत-प्रतिशत अधिकारियों/कर्मचारियों के आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन, प्रशिक्षण प्राप्त करने और निर्धारित कोर्स पूरा कर सर्टिफिकेट प्राप्त करने के संबंध में आयोजित की गई थी। मिशन कर्मयोगी के तहत 02 अप्रैल से 08 अप्रैल तक ‘साधना सप्ताह’ के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त किया जाना था। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर पंजीकरण करने के निर्देश दिए। उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या मार्केटप्लेस से संबंधित उपलब्ध पाठ्यक्रमों में से कम से कम तीन पाठ्यक्रम पूरे कर प्रमाण पत्र प्राप्त करना होगा। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आईजीओटी मार्केटप्लेस से संबंधित पाठ्यक्रमों पर ध्यान देने पर जोर दिया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के सभी विकासखंडों में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कृषि विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अभियान चलाकर किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कराएं और उन्हें इसके लाभों के बारे में जानकारी दें। वेतन बाधित किए गए अधिकारियों में जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला प्रोवेशन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला कृषि अधिकारी शामिल हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
