चित्रकूट में आदिवासी बच्चों के लिए पाठशाला शुरू:एसपी अरुण कुमार सिंह ने निशुल्क व्यक्तित्व निर्माण पाठशाला का किया शुभारंभ
![]()
चित्रकूट में आदिवासी बच्चों के लिए पाठशाला शुरू:एसपी अरुण कुमार सिंह ने निशुल्क व्यक्तित्व निर्माण पाठशाला का किया शुभारंभ
चित्रकूट के बीहड़ जंगलों में रहने वाले आदिवासी समुदाय के बच्चों के लिए एक निःशुल्क व्यक्तित्व निर्माण पाठशाला का शुभारंभ किया गया है। ‘प्रयास सामाजिक संगठन’ द्वारा शुरू की गई इस पाठशाला का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा, खेल और दैनिक जीवन के प्रति जागरूक करना है। इस पाठशाला का उद्घाटन चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर प्रयास सामाजिक संगठन की केंद्रीय इकाई आजमगढ़ से आए राष्ट्रीय अध्यक्ष रणजीत सिंह और संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। चित्रकूट इकाई के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे। शुभारंभ के साथ ही आदिवासी बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी, पेंसिल, रबर, कटर, कैरम बोर्ड और मिठाई वितरित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने संस्था के इस नेक कार्य की सराहना की और आदिवासी बच्चों से प्रतिदिन स्कूल आने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी विश्वास दिलाया कि जो बच्चे पढ़ाई में रुचि दिखाएंगे, उन्हें केंद्रीय और नवोदय विद्यालयों में प्रवेश दिलाने के लिए वे स्वयं पूरा प्रयास करेंगे। पुलिस अधीक्षक ने आदिवासी बच्चों के अभिभावकों को भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि अभिभावक नशे से दूर रहें और बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि बच्चों को प्रतिदिन स्कूल भेजना उनकी जिम्मेदारी है। प्रयास के केंद्रीय अध्यक्ष रणजीत सिंह ने कहा कि जंगल के अंदर यह आदिवासी पाठशाला निश्चित रूप से समाज के वंचित बच्चों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने शिक्षा को हर वंचित और पिछड़े को ऊंचाइयों पर ले जाने का माध्यम बताया। इस मौके पर आदिवासी समाज के मुखिया वैद्य कुंज बिहारी ने खुशी व्यक्त करते हुए सभी का आभार जताया।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
