सीतापुर में अग्निकांड में मां-बेटी और पोती की मौत:18 परिवारों के 21 घर राख, लाखों का सामान नष्ट
![]()
सीतापुर में अग्निकांड में मां-बेटी और पोती की मौत:18 परिवारों के 21 घर राख, लाखों का सामान नष्ट
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के सदरपुर थाना क्षेत्र के सरैया चलाकापुर गांव में शनिवार शाम भीषण अग्निकांड हुआ। इस घटना में दादी-पोती समेत तीन लोगों की मृत्यु हो गई। आग से 18 परिवारों के 21 घर जलकर राख हो गए। अग्निकांड शनिवार शाम करीब 7 बजे खाना बनाते समय निकली एक चिंगारी से शुरू हुआ। तेज आंधी के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। मृतकों की पहचान सरैया चलाकापुर निवासी फूलमती (45 वर्ष) पत्नी शत्रोहन, बाराबंकी के बड्डूपुर थाना क्षेत्र के जगाईपुर निवासी यादुरा (65 वर्ष) पत्नी भगौती और जगाईपुर निवासी मीनाक्षी (7 वर्ष) पुत्री सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। यादुरा अपनी पोती मीनाक्षी के साथ अपनी बीमार बेटी फूलमती से मिलने आई थीं। इस अग्निकांड में कुल 18 परिवार प्रभावित हुए हैं। उनकी 21 झोपड़ियां और छप्पर पूरी तरह जलकर राख हो गए। कपड़े, राशन और अन्य घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गए, जिससे लाखों का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव का रास्ता संकरा होने के कारण दमकल गाड़ी समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी और बीच रास्ते में ही फंस गई। इससे आग बुझाने में देरी हुई। आग लगते ही ग्रामीणों ने हैंडपंप से बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। दादी और पोती के शव जब जगाईपुर गांव पहुंचे, तो वहां शोक का माहौल छा गया। देर रात दादी-पोती का अंतिम संस्कार किया गया। प्रशासन ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया है। मृतकों के परिजनों को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त, प्रभावित परिवारों को भी सरकारी सहायता उनके बैंक खातों में भेजी गई है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
