![]()
संभल पुलिस पर पथराव, दो आरोपी गिरफ्तार:होली पर अश्लील गाने बजाने से रोकने पर मारपीट-पथराव, 29 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
संभल में होली के दिन पुलिस पर पथराव और मारपीट के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यह घटना डीजे पर राजनीतिक और अश्लील गाने बजाने से रोकने के बाद हुई थी। इस मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। यह पूरा मामला संभल जनपद की गुन्नौर तहसील के थाना बबराला क्षेत्र के गांव पंवारी का है। थाना प्रभारी सौरभ त्यागी ने गुरुवार को बताया कि होली की रात डीजे बजाने से मना करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर पथराव किया और मारपीट की। 4 मार्च को होली की रात टीसीएल चौकी प्रभारी रामेंद्र पाल सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। उन्हें गांव में अमरीश के घर के बाहर डीजे पर राजनीतिक और अश्लील गाने बजाने की शिकायत मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डीजे बंद करने का निर्देश दिया, जिसके बाद कुछ लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इस मारपीट में सिपाही मदन गोपाल (32 वर्षीय) के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। दरोगा सहित अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई थी। पुलिस ने इस संबंध में अमरीश, देवव्रत, रविंद्र, विशंभर, देवराज, प्रमोद, नितिन, राजवीर, परविंदर, नंदकिशोर, गंभीर, हरवेजी सहित 14 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए विशंभर और हरवेजी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
Sourse: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply