गोंडा में ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की हत्या:पिता के चालान पर था गुस्सा, पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की
![]()
गोंडा में ट्रैक्टर से कुचलकर युवक की हत्या:पिता के चालान पर था गुस्सा, पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की
गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के अर्जुन गांव में 28 वर्षीय राम रंग उर्फ रिंकू की देर शाम खेत में ट्रैक्टर से कुचले जाने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस घटना के पीछे गुस्से का कारण पिता भारत यादव का शांति भंग में चालान होना था। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी और आरोपी राहुल यादव की तलाश में तीन टीमें गठित की हैं। पुलिस के अनुसार, घटना से पहले दोपहर में राम रंग और भारत यादव के बीच खेत में ट्रैक्टर ले जाने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान राहुल और भारत ने मिलकर राम रंग के साथ मारपीट की थी। घटना के बाद भारत यादव को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया और चालान कर जेल भेजा गया। जमानत पर घर लौटने के बाद पिता का चालान राहुल यादव को नागवार गुजरा। गुस्से में लिया खतरनाक फैसला राहुल यादव गुस्से में दोबारा उसी खेत में ट्रैक्टर लेकर पहुंचा, जहां पहले विवाद हुआ था। राम रंग ने ट्रैक्टर रोकने की कोशिश की, लेकिन राहुल ने पिता के चालान से नाराज होकर ट्रैक्टर सीधे राम रंग पर चढ़ा दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को गोंडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने की छापेमारी, गिरफ्तारी बाकी अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि राहुल यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
