पेट्रोल पंप उठाएगा ट्रक चालकों के बच्चों की पढ़ाई का:मुजफ्फरनगर के NH-58 स्थित पंप की अनोखी पहल, नियमित ग्राहकों को लाभ
![]()
पेट्रोल पंप उठाएगा ट्रक चालकों के बच्चों की पढ़ाई का:मुजफ्फरनगर के NH-58 स्थित पंप की अनोखी पहल, नियमित ग्राहकों को लाभ
मुजफ्फरनगर में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को लेकर चल रही चर्चा के बीच एक पेट्रोल पंप संचालक ने सराहनीय पहल की है। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर बिलासपुर बाईपास स्थित उर्मिला एंड ओमकारी पेट्रोल पंप ने वाणिज्यिक ट्रक और बस चालकों के 15 साल तक के बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने की घोषणा की है। पेट्रोल पंप संचालक सोहन पाल सिंह के अनुसार, जो भी ट्रक या बस चालक-परिचालक उनके पेट्रोल पंप से नियमित रूप से डीजल या पेट्रोल भरवाएगा, उसके बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च वहन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत दो ट्रक चालकों के बच्चों की पढ़ाई का खर्च पहले ही उठाया जा चुका है। यह योजना आगे भी जारी रहेगी। संचालक ने स्पष्ट किया कि इस योजना का लाभ केवल स्थानीय चालकों तक सीमित नहीं है। यदि कोई चालक दूर-दराज का है, लेकिन नियमित रूप से मुजफ्फरनगर आता-जाता है और उनके पेट्रोल पंप की सेवाएं लेता है, तो उसके बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी उठाया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल को सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जहां एक ओर ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर चिंता बनी हुई है, वहीं इस तरह की पहल जरूरतमंद परिवारों के लिए एक बड़ी सहायता प्रदान करती है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
