मेरठ में सिंगर सुनंदा शर्मा के शो में मारपीट:सुभारती यूनिवर्सिटी में बीच में रोकना पड़ा शो, ग़ाज़ियाबाद के बाद 24 घंटे में पंजाबी सिंगर को लेकर बड़ा बवाल
![]()
मेरठ में सिंगर सुनंदा शर्मा के शो में मारपीट:सुभारती यूनिवर्सिटी में बीच में रोकना पड़ा शो, ग़ाज़ियाबाद के बाद 24 घंटे में पंजाबी सिंगर को लेकर बड़ा बवाल
मेरठ स्थित सुभारती यूनिवर्सिटी में पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के लाइव शो के दौरान छात्रों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें छात्र-छात्राओं के बीच लात-घूंसे चलते साफ दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित विश्वविद्यालय परिसर में दो दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक समारोह ‘स्पार्क-2026’ का आयोजन किया गया था। समारोह के दूसरे दिन पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा का लाइव परफॉर्मेंस रखा गया था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में छात्र मौके पर पहुंचे थे। कार्यक्रम बीच में रोकना पड़ा
हंगामे के चलते आयोजकों को कार्यक्रम अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। हालांकि, इसके बावजूद छात्र आपस में भिड़ते रहे। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कई छात्र-छात्राएं जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। इस दौरान कुछ छात्रों के कपड़े फट गए, जबकि कई के घायल होने की भी सूचना है। सीट और मंच के पास जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान मंच के पास खड़े होने और सीट को लेकर छात्रों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए। कुछ ही देर में मामला मारपीट में बदल गया और छात्रों के बीच जमकर लात-घूंसे चलने लगे। सूचना मिलने पर सुभारती चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ छात्र पुलिस से भी उलझ गए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस और कॉलेज प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया और कार्यक्रम को दोबारा शुरू कराया। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, जानी थाना पुलिस ने मामले में किसी भी तरह की तहरीर मिलने से इनकार किया है।
प्रबंधन का पक्ष स्पष्ट नहीं
इस संबंध में विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. कृष्णमूर्ति सेन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका। इतने बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था की कमी को लेकर अब सवाल खड़े हो रहे हैं। छात्रों की भारी भीड़ के बावजूद पर्याप्त नियंत्रण नहीं होने से यह विवाद हिंसा में बदल गया, जिससे आयोजन की व्यवस्थाओं पर भी सवालिया निशान लग गया है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
