पत्नी को विदा कराने आए दामाद की पीट-पीटकर हत्या:सोनभद्र में ससुराल में विदाई को लेकर हुआ था विवाद
![]()
पत्नी को विदा कराने आए दामाद की पीट-पीटकर हत्या:सोनभद्र में ससुराल में विदाई को लेकर हुआ था विवाद
सोनभद्र के रायपुर थाना क्षेत्र के परसवनिया गांव में ससुराल वालों ने अपने दामाद की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सुनील कुमार पासवान (36) के रूप में हुई है। जो अपनी पत्नी को विदा कराने ससुराल आया था। जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार पासवान ग्राम गड़के, थाना अधौरा, कैमूर भभुआ, बिहार का निवासी था। वह अपनी पत्नी को विदा कराने परसवनिया गांव स्थित अपने ससुराल आया था। ससुराल वाले पत्नी को विदा करने से इनकार कर रहे थे, उनका आरोप था कि सुनील अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। रविवार शाम करीब पांच बजे इसी बात को लेकर सुनील और ससुराल वालों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस दौरान सुनील कुमार पासवान को गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों की सूचना पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल सुनील को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वैनी में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रायपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह ने बताया- सुनील अपनी पत्नी को विदा कराने ससुराल आया था। आपसी कलह और झगड़े में हुई मारपीट के दौरान यह घटना हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
