हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान दो की मौत:गाजियाबाद के दो पड़ोसी गहरे पानी में डूबे, सोसाइटी में मातम
![]()
हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान दो की मौत:गाजियाबाद के दो पड़ोसी गहरे पानी में डूबे, सोसाइटी में मातम
हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान डूबने से गाजियाबाद के दो लोगों की मौत हो गई। ये दोनों राजनगर एक्सटेंशन स्थित क्वांटम होम्स सोसाइटी के निवासी थे और एक ही टावर में पड़ोसी थे। इस घटना से सोसाइटी में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान सचिन त्यागी (39 वर्ष) और बृजेश कुमार त्रिपाठी (43 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों परिवार दो दिन पहले सचिन त्यागी की इनोवा कार से हरिद्वार और ऋषिकेश घूमने गए थे। उन्हें रविवार को गाजियाबाद लौटना था। रविवार सुबह दोनों गंगा में स्नान करने गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। तेज बहाव की चपेट में आने से वे डूब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद पुलिस और गोताखोरों को सूचना दी गई। करीब सवा घंटे तक चले रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों को गंगा से बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां पहले घाट था। अब वहां काफी मिट्टी भर जाने के कारण पानी की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। सचिन त्यागी टावर A-801 में अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ रहते थे। उनके माता-पिता बड़े बेटे के साथ गुलमोहर सोसाइटी में रहते हैं। सचिन बिल्डर का काम करते थे। वहीं, बृजेश त्रिपाठी अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ क्वांटम होम्स A-503 में रहते थे और गुरुग्राम की एक एमएलसी कंपनी में कार्यरत थे। सोसाइटी निवासी नितिन त्यागी ने बताया कि दोनों परिवार साथ घूमने गए थे। दुखद खबर मिलने के बाद पूरे इलाके में शोक छा गया है। सचिन त्यागी का शव गाजियाबाद पहुंच चुका है और आज ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बृजेश त्रिपाठी के परिजन भी उनका शव लेकर गाजियाबाद पहुंच रहे हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
