मुजफ्फरनगर में बुर्का पहने महिलाओं ने दुकानों से की चोरी:ज्वेलरी डिब्बे समेत हजारों का सामान चुराया, वारदात CCTV में कैद
![]()
मुजफ्फरनगर में बुर्का पहने महिलाओं ने दुकानों से की चोरी:ज्वेलरी डिब्बे समेत हजारों का सामान चुराया, वारदात CCTV में कैद
मुजफ्फरनगर के भगत सिंह रोड स्थित मीना बाजार में बुर्काधारी महिला चोरों के एक गिरोह ने दो दुकानों को निशाना बनाया। कॉस्मेटिक और आर्टिफिशियल ज्वेलरी की इन दुकानों, अमृत ब्यूटी पैलेस और भावनेश संस से हजारों का सामान चोरी कर लिया गया। चोरों ने दुकान से आर्टिफिशियल ज्वेलरी का एक पूरा डिब्बा चुरा लिया। इसके अतिरिक्त, कई जोड़ी झुमके, गोल्ड पॉलिश ज्वेलरी, जरकन और कड़ों के कई सेट भी गायब पाए गए। दुकानदारों के अनुसार, इस वारदात को कम से कम चार बुर्काधारी महिलाओं ने अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज में एक सफेद नकाबपोश महिला गिरोह का नेतृत्व करती दिखी, जिसके इशारे पर अन्य महिलाएं सामान चुराती रहीं। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि महिलाएं चालाकी से दुकानदार का ध्यान भटकाकर चोरी कर रही थीं। इस घटना के बाद मीना बाजार के व्यापारियों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस ने सूचना मिलते ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को संदेह है कि यह एक संगठित महिला गिरोह हो सकता है, जिसने पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। इससे पूर्व भी शहर कोतवाली क्षेत्र के शिव चौक के आसपास ऐसी कई चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
