बालाजी मंदिर सदर से शुरू होकर निकली भव्य शोभायात्रा:जयकारों से गूंजा मेरठ , शहर के प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा
![]()
बालाजी मंदिर सदर से शुरू होकर निकली भव्य शोभायात्रा:जयकारों से गूंजा मेरठ , शहर के प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा
रविवार को मेरठ महानगर में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बालाजी मंदिर सदर से शुरू हुई यात्रा का शुभारंभ क्षेत्र संगठन मंत्री मुकेश खांडेकर ने भगवा पताका दिखाकर किया। इस दौरान भारत माता और भगवान श्रीराम की आरती कर पूजन भी किया गया। शोभायात्रा में सैकड़ों रामभक्त और बजरंग दल के कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में भगवा ध्वज लिए श्रद्धालु ‘जय श्रीराम’, ‘हर हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। पूरे मार्ग में भक्ति गीतों की गूंज और भक्तों का उत्साह देखने लायक रहा। यात्रा बालाजी मंदिर से शुरू होकर भारत माता मंदिर, रेलवे रोड, डीएन चौपला, पीएल शर्मा अस्पताल, बुढ़ाना गेट, बच्चा पार्क, बेगमपुल, हनुमान चौक, औघड़नाथ मंदिर होते हुए पुनः हनुमान मंदिर पर समाप्त हुई। रास्ते में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शरबत और पेयजल के स्टॉल लगाए गए, वहीं लोगों ने फूल बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में बाबा बर्फानी, श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण और हनुमान जी के आकर्षक व रौद्र रूपों की झांकियां विशेष आकर्षण रहीं। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकली यात्रा में गणमान्य नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की भी भागीदारी रही। इससे पूर्व मुख्य वक्ता मुकेश खांडेकर ने कहा कि हिंदू समाज की असली ताकत उसकी विविधता और एकता में है। उन्होंने राम-शबरी और राम-केवट प्रसंग का उल्लेख करते हुए समाज में समानता, विनम्रता और समरसता का संदेश दिया। उन्होंने आह्वान किया कि समाज में भेदभाव छोड़कर एकजुट होकर आगे बढ़ें और आपसी सद्भाव को मजबूत करें। यात्रा में प्रांत संयोजक निमेश वशिष्ट, विभाग मंत्री सुधीर, द्विविभाग संगठन मंत्री अनूप, महानगर अध्यक्ष डॉ. अक्षय जैन, महानगर मंत्री पवन कश्यप, संगठन मंत्री विनय प्रकाश, हिमांशु शर्मा, बंटी बजरंगी, संजीव अग्रवाल, अर्चित अग्रवाल, विशाल धानक, चंदन यादव समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजकों ने इसे सनातन संस्कृति के प्रति जन-जागरण का प्रयास बताया।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
