मथुरा में अचेत व्यक्ति की मौत:एंबुलेंस से अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
![]()
मथुरा में अचेत व्यक्ति की मौत:एंबुलेंस से अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
मथुरा के थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित पुराने बस स्टैंड पर रविवार को एक लगभग 40 वर्षीय व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। इस घटना की सूचना स्थानीय दुकानदारों ने तत्काल पीआरबी 112 को दी। सूचना मिलते ही पीआरबी 5208 पर तैनात कॉन्स्टेबल धीरज चाहर और चालक नारायण सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने अचेत व्यक्ति की स्थिति का जायजा लिया और उसकी तलाशी ली। पुलिसकर्मियों ने तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए 108 एम्बुलेंस को बुलाया। एम्बुलेंस व्यक्ति को उपचार हेतु जिला अस्पताल मथुरा ले जा रही थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई। एम्बुलेंस चालक के अनुसार, उन्हें पीआरबी 112 से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अचेत पड़ा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अमन कुमार ने बताया कि व्यक्ति को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। उसके पास से एक बैग, कुछ नकदी और दवाइयों के पर्चे मिले हैं। प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि वह किसी बीमारी से ग्रसित था और संभवतः बाहर का रहने वाला था। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
