मुजफ्फरनगर में 450 सिपाहियों ने सीखा तनाव प्रबंधन:तीन दिन का ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ प्रोग्राम खत्म; योग, ध्यान और प्राणायाम की ट्रेनिंग
![]()
मुजफ्फरनगर में 450 सिपाहियों ने सीखा तनाव प्रबंधन:तीन दिन का ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ प्रोग्राम खत्म; योग, ध्यान और प्राणायाम की ट्रेनिंग
मुजफ्फरनगर में रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षु आरक्षियों के लिए आयोजित तीन दिवसीय “आर्ट ऑफ लिविंग” कार्यक्रम का रविवार को सफल समापन हो गया। यह कार्यक्रम 3 अप्रैल से 5 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें कुल 450 प्रशिक्षु आरक्षियों ने प्रतिभाग किया। समापन सत्र के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों को योग, ध्यान और प्राणायाम का नियमित अभ्यास कराया गया। इसमें ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, पवनमुक्तासन और शवासन जैसे योग आसनों का अभ्यास शामिल था। इन अभ्यासों के माध्यम से जवानों को तनाव प्रबंधन, एकाग्रता बढ़ाने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के प्रभावी उपाय सिखाए गए। इस कार्यक्रम का संचालन एसएसपी संजय कुमार वर्मा की पत्नी डॉ. नीलम राय के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने प्रशिक्षु आरक्षियों को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित योग और ध्यान शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता को भी बढ़ाते हैं। यह पुलिस सेवा जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर पुलिस एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम पुलिसकर्मियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षु आरक्षियों ने इस कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया। माना जा रहा है कि इस तरह के आयोजन पुलिस बल को शारीरिक और मानसिक दोनों रूपों से मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
