गाजियाबाद के इंदिरापुरम में अतिक्रमण के खिलाफ प्रदर्शन:अवैध मीट रेड़ियों और खुलेआम शराब पीने पर स्थानीय लोगों का विरोध
![]()
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में अतिक्रमण के खिलाफ प्रदर्शन:अवैध मीट रेड़ियों और खुलेआम शराब पीने पर स्थानीय लोगों का विरोध
गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित वार्ड 79 के अभय खंड, न्याय खंड-1 और ज्ञान खंड-1 में अतिक्रमण के खिलाफ स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। पिछले दो महीनों से निवासी सड़कों और चौराहों पर मीट, मुर्गा और मछली के अवैध खोखों तथा रेड़ियों की बढ़ती संख्या को लेकर शिकायत कर रहे थे। शनिवार देर रात वार्ड 79 के पार्षद हरीश कड़ाकोटी ने इलाके का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर मीट और मुर्गे की रेड़ियों के पास लोगों को खुलेआम शराब पीते हुए पाया। पार्षद ने मौके से वीडियो और तस्वीरें बनाकर तुरंत चौकी प्रभारी को भेजीं और कार्रवाई का आग्रह किया। रविवार को वार्ड 79 में पुलिस चौकी के पास चौराहे पर पार्षद हरीश कड़ाकोटी के नेतृत्व में स्थानीय निवासियों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। उन्होंने अतिक्रमण हटाने की मांग करते हुए कहा कि अवैध मीट के खोखों और रेड़ियों के कारण इलाके में गंदगी बढ़ रही है और रात में माहौल भी खराब हो रहा है। स्थानीय निवासियों ने चौकी प्रभारी अभय खंड को एक लिखित शिकायत भी सौंपी। चौकी प्रभारी ने लोगों को आश्वासन दिया कि भविष्य में अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा और अवैध मीट की दुकानें व रेड़ियां वहां नहीं लगने दी जाएंगी। इस प्रदर्शन में पार्षद हरीश कड़ाकोटी के साथ अभय खंड फेडरेशन के महासचिव आरपी जोशी, पारेश्वर जुयाल, डॉ. जयश्री सिन्हा, बालम रावत, दिनेश जुयाल, सुरेंद्र नेगी सहित कई स्थानीय निवासी उपस्थित थे। पार्षद हरीश कड़ाकोटी ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कई बार नगर निगम में शिकायत की है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इलाके में अतिक्रमण चरम पर है, जिससे निवासियों को दैनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द ही सख्त कार्रवाई करेगा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
