बरेली में 95 अवैध लाउडस्पीकर हटाए गए:ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती, 193 की आवाज नियंत्रित
![]()
बरेली में 95 अवैध लाउडस्पीकर हटाए गए:ध्वनि प्रदूषण पर सख्ती, 193 की आवाज नियंत्रित
बरेली पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान में प्रशासन ने न केवल अवैध लाउडस्पीकर हटवाए, बल्कि तय मानकों से अधिक आवाज में चल रहे उपकरणों को भी नियंत्रित कराया। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर यह अभियान सुबह 5 बजे से शाम 7 बजे तक चला। इसमें जिलेभर के 892 स्थानों पर व्यापक चेकिंग की गई। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारी स्वयं फील्ड में उतरे; 98 जगहों पर सीओ और 389 स्थानों पर थाना प्रभारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान 95 लाउडस्पीकर ध्वनि प्रदूषण फैलाते पाए गए, जिन्हें तत्काल प्रभाव से उतरवा दिया गया। वहीं, 193 स्थानों पर लाउडस्पीकर की आवाज को निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया गया। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि नियमों के साथ किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षेत्रवार कार्रवाई की बात करें तो फरीदपुर में सर्वाधिक 16 लाउडस्पीकर हटाए गए। इसके अलावा, शेरगढ़ में 14, किला, फतेहगंज पूर्वी और हाफिजगंज में 10-10, नवाबगंज में 9, बारादरी और विशारतगंज में 4-4 लाउडस्पीकर पर कार्रवाई हुई। अन्य क्षेत्रों में भी यह अभियान जारी रहा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
