छात्रा से एटीएम कार्ड छीनकर 49 हजार निकाले:प्रयागराज में 27 दिन बाद भी FIR नहीं, एसएचओ बोले-आरोप गलत
![]()
छात्रा से एटीएम कार्ड छीनकर 49 हजार निकाले:प्रयागराज में 27 दिन बाद भी FIR नहीं, एसएचओ बोले-आरोप गलत
प्रयागराज में रहकर पढ़ाई करने वाली एक छात्रा से दिनदहाड़े एटीएम कार्ड छीन लिया गया। इसके बाद पांच बार में 49 हजार रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के 27 दिन बीतने के बाद भी FIR नहीं दर्ज की गई। रविवार को परिजनों ने इस मामले में उच्चाधिकारयों को शिकायत भेजकर कार्रवाई की गुहार लगाई। उधर शिवकुटी थाना प्रभारी ने आरोपों को झूठा बताया। कहा कि कोई शिकायती पत्र उन्हें नहीं मिला। सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी हुई है। जांच की जा रही है। दोपहर 2:30 बजे की घटना
छात्रा मूल रूप से सुल्तानपुर की रहने वाली है। पिता ने बताया, बेटी भूसा गली तेलियरगंज में किराया का कमरा लेकर पढ़ाई कर रही है। आठ मार्च को वह तेलियरगंज मार्केट में एचडीएफसी बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गई थी। दोपहर लगभग 2:30 बजे का वक्त था जब उसने एटीएम केबिन के अंदर पहुंची। बाइक लेकर तैयार खड़ा था दूसरा बदमाश
उसी दौरान वहां पहले से मौजूद एक व्यक्ति ने उससे एटीएम कार्ड छीन लिया और बाहर की ओर भागा। उसका एक साथी मोटरसाइकिल लिए पहले से बाहर खड़ा था। बाहर भागकर कार्ड छीनने वाला बाइक पर बैठकर अपने साथी के साथ भाग निकला। पांच बार में उड़ाई रकम
बेटी ने शोर मचाया लेकिन दोनों भाग निकले। 3:52 मिनट पर मेरे मोबाइल पर खाते से 10 हजार कैश निकासी का मैसेज आया। इसके बाद तीन बार और 10-10 हजार की निकासी की गई। इसके बाद एक बार आठ हजार और दूसरी बार एक हजार रुपये की निकासी का एसएमएस आया। इस तरह से टोटल 49 हजार रुपये निकाले गए। कोई कार्रवाई नहीं हुई
पिता के मुताबिक, उसी दिन बेटी ने थाने पर लिखित शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एटीएम में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। अगर पुलिस जांच करती तो लुटेरों को चिह्नित करके पकड़ा जा सकता था। 27 दिन बाद भी कार्रवाई न होने पर पिता ने उच्चाधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी बोले
इस मामले में शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह यादव ने कहा, मेरे पास इस तरह का कोई शिकायती पत्र नहीं आया। फिर भी मैं यह कह सकता हूं कि एटीएम कार्ड छीनने का आरोप गलत है। कार्ड बदला जा सकता है लेकिन छीनना संभव नहीं। सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मामला संज्ञान में आया है। मुकदमा दर्ज कर जांच कराई जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
