युवक की गोली मारकर हत्या, अंतिम संस्कार से इनकार:प्रतापगढ़ में पुलिस ने 4 पर केस दर्ज किया, 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया
![]()
युवक की गोली मारकर हत्या, अंतिम संस्कार से इनकार:प्रतापगढ़ में पुलिस ने 4 पर केस दर्ज किया, 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया
प्रतापगढ़ में मंदिर दर्शन करने जा रहे एक युवक पंकज शुक्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है और पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। रविवार शाम करीब 3 बजे दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पंकज का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव घर पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। यह घटना प्रतापगढ़ के अंतू थाना क्षेत्र में शनिवार शाम को हुई। परिजनों का आरोप है कि 33 वर्षीय पंकज शुक्ला मंदिर जा रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) समेत भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले के खुलासे के लिए चार अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। मृतक पंकज के भाई अंकित की तहरीर पर पुलिस ने शिवशंकर, विकास, विवेक और विपिन नामक चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। सीओ सिटी प्रशांत राज हुड्डा ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है और पांच संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
