कौशाम्बी में वाहन चोर गिरफ्तार, 3 वाहन बरामद:नियमित चेकिंग में पकड़ा गया शातिर, 3 मुकदमे पहले से दर्ज
![]()
कौशाम्बी में वाहन चोर गिरफ्तार, 3 वाहन बरामद:नियमित चेकिंग में पकड़ा गया शातिर, 3 मुकदमे पहले से दर्ज
गाजियाबाद के थाना कौशाम्बी इलाके में पुलिस ने नियमित चेकिंग के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सचिन विष्ट (करीब 27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वैशाली सेक्टर-02 के कामना इलाके का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की एक बाइक और दो स्कूटी बरामद की हैं। पुलिस को इलाके में बाइक और स्कूटी चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके कारण पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक युवक स्कूटी लेकर जाता दिखा, जो पुलिस को संदिग्ध लगा। जब पुलिस ने उससे वाहन के कागजात मांगे तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की बात कबूल कर ली। पूछताछ में सचिन विष्ट ने बताया कि वह पहले भी कई बार वाहन चोरी कर चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ चोरी के तीन मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं। आरोपी ज्यादातर सुनसान जगहों पर खड़ी बाइक और स्कूटी को निशाना बनाता था। वह पहले वाहनों की रेकी करता था और मौका मिलते ही लॉक तोड़कर गाड़ी चोरी कर लेता था। चोरी करने के बाद वह वाहन को झाड़ियों या खाली जगह पर छिपा देता था, ताकि किसी को शक न हो। बाद में वह इन वाहनों को सस्ते दामों पर बेचकर अपने शौक पूरे करता था। आरोपी ने बताया कि उसने एक्टिवा स्कूटी क्लाउड नाइन और शालीमार गार्डन इलाके से चुराई थी, जबकि होंडा ड्रीम युगा बाइक वैशाली से चोरी की थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अन्य चोरी के वाहन भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और कानूनी कार्रवाई जारी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
