लखनऊ में कछुआ तस्कर गिरफ्तार:STF और भोपाल पुलिस टीम ने पकड़ा, 2021 से कर रहा था तस्करी
![]()
लखनऊ में कछुआ तस्कर गिरफ्तार:STF और भोपाल पुलिस टीम ने पकड़ा, 2021 से कर रहा था तस्करी
लखनऊ में मध्य प्रदेश के भोपाल में दर्ज एक मामले में वांछित कछुआ तस्कर को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लखनऊ में छिपकर रह रहा था। भोपाल की स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स के अनुरोध पर यह कार्रवाई की गई। जानकारी के मुताबिक, थाना स्टेट टाइगर फोर्स भोपाल में पंजीकृत मु0अ0सं0 237/23 में वांछित अभियुक्त रविन्द्र उर्फ रमन के लखनऊ में होने की सूचना मिली थी। इस पर भोपाल के रेंज अधिकारी शिव कुमार काकोडिया ने यूपी एसटीएफ से सहयोग मांगा। एसटीएफ मुख्यालय लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक सत्यसेन यादव के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई। निरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र सिंह यादव समेत एसटीएफ टीम ने भोपाल की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी रविन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बड़ा खुलासा गिरफ्तार आरोपी रविन्द्र ने पूछताछ में बताया कि वह उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की नदियों से प्रतिबंधित और संरक्षित प्रजाति के कछुए पकड़कर अंतरराज्यीय तस्करी गिरोहों को सप्लाई करता था। उसने वर्ष 2023 में अजय सिंह राजपूत को 311 प्रतिबंधित कछुए बेचने की बात कबूल की। इससे पहले वर्ष 2021 में भी वह 254 कछुओं के साथ अपने दो साथियों समेत एसटीएफ के हत्थे चढ़ चुका है। गिरफ्तार आरोपी को लखनऊ के सैरपुर थाने में दाखिल किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स, भोपाल द्वारा की जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
