15 लाख का चोरी का सामान बरामद:ग्रेटर नोएडा में नौकर बनकर चोरी करने वाला गिरफ्तार
![]()
15 लाख का चोरी का सामान बरामद:ग्रेटर नोएडा में नौकर बनकर चोरी करने वाला गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा की थाना बीटा-2 पुलिस ने घरों में चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये की ज्वैलरी, एक चोरी की मोटरसाइकिल और तमंचा-कारतूस बरामद किए हैं। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी शिवकुमार को नट की मड़ैया गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार किया। शिवकुमार ग्राम सधीरा, थाना अजगैन, जिला उन्नाव का निवासी है और वर्तमान में दिल्ली में रह रहा था। आरोपी के खिलाफ बीटा-2 थाने में चोरी का एक मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी बरामद की है, जिसमें तीन सोने के हार, चार सोने के कान के टॉप्स, एक सोने की लेडीज अंगूठी, दो सोने की चूड़ी, एक जोड़ी चांदी की पायल, दो चांदी के टॉप्स और एक सोने का ब्रेसलेट शामिल है। इसके अतिरिक्त, विदेशी मुद्रा, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और तमंचा-कारतूस भी बरामद किए गए हैं। बीटा-2 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी शिवकुमार एक शातिर चोर है। वह घरों में नौकर बनकर काम करता था और कुछ दिनों तक रेकी करने के बाद मकानों से कीमती सामान और ज्वैलरी चुराकर फरार हो जाता था। चोरी के सामान को बेचकर वह अवैध धन अर्जित करता था। आरोपी ने सेक्टर-36 निवासी ओमपाल सिंह के घर से लगभग 11 लाख रुपये की ज्वैलरी और 35,000 से 40,000 रुपये (भारतीय, वियतनाम और डॉलर) की विदेशी मुद्रा चोरी की थी। उसने चोरी के माल को साइट-4 में छिपा रखा था और आज उसे बेचने के लिए जा रहा था, तभी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
