गेहूं की फसल में लगी आग:6 बिस्सा गेहूं जलकर हुआ राख, किसानों को भारी नुकसान, राजस्व टीम आकलन में जुटी
![]()
गेहूं की फसल में लगी आग:6 बिस्सा गेहूं जलकर हुआ राख, किसानों को भारी नुकसान, राजस्व टीम आकलन में जुटी
मऊ के मोहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के टड़वा जरगर ग्राम सभा में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। इस घटना में किसान राजाराम चौहान की लगभग डेढ़ बीघा और सरवन कुमार की करीब 6 बिस्सा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। किसान राजाराम चौहान ने बताया कि उनके खेत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के नंगे तार काफी समय से ढीले और जर्जर थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्हीं तारों में शॉर्ट सर्किट होने से निकली चिंगारी के कारण आग लगी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और पूरी फसल नष्ट हो गई। सरवन कुमार ने भी इस घटना के लिए विद्युत विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद जर्जर बिजली के तारों को ठीक नहीं कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक आग से फसल को काफी नुकसान हो चुका था। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
खैराबाद क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य अमरनाथ चौहान भी मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। चौहान ने कहा कि वह जल्द ही मोहम्मदाबाद गोहना के उपजिलाधिकारी से मिलकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास करेंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से जर्जर बिजली तारों को तत्काल बदलने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने प्रभावित किसानों को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग की।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
