लखनऊ में गोमती में मिला युवक का शव:ऑनलाइन गेमिंग की लत की बात आई सामने; दो दिन था लापता
![]()
लखनऊ में गोमती में मिला युवक का शव:ऑनलाइन गेमिंग की लत की बात आई सामने; दो दिन था लापता
लखनऊ में गोमती नदी में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान खदरा के कदम रसूल निवासी 22 वर्षीय हर्ष सोनकर के रूप में हुई है। घटना बीरबल साहनी मार्ग की है, जहां नदी किनारे उसकी बाइक भी खड़ी मिली। राहगीरों की सूचना पर महानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के सिम के आधार पर उसकी शिनाख्त की गई और परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों के मुताबिक, हर्ष अपने पिता के साथ मोहिबुल्लापुर स्थित मंडी में आढ़त का काम करता था। शुक्रवार रात काम खत्म करने के बाद वह घर आया और फिर बाइक लेकर निकल गया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसे फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला तो शनिवार को मड़ियाव थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। रविवार सुबह उसका शव नदी में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि हर्ष को ऑनलाइन गेमिंग की लत थी और हाल ही में उसने गेम में कुछ पैसे भी गंवाए थे। इंस्पेक्टर अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल परिवार की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। युवक किस गेम में कितना पैसा हारा, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस मोबाइल फोन के जरिए साक्ष्य जुटाने में लगी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
