मिर्जापुर में होंडा सिटी कार से 100 किलो गांजा बरामद:50 लाख की खेप के साथ हिस्ट्रीशीटर समेत 5 तस्कर गिरफ्तार
![]()
मिर्जापुर में होंडा सिटी कार से 100 किलो गांजा बरामद:50 लाख की खेप के साथ हिस्ट्रीशीटर समेत 5 तस्कर गिरफ्तार
मिर्जापुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य का 100 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक हिस्ट्रीशीटर समेत पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में प्रयुक्त होंडा सिटी कार को भी सीज कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर में अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर मुनेंद्र सिंह के नेतृत्व में थाना पड़री व एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने 4 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका। तलाशी लेने पर कार में छिपाकर रखा गया करीब 100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा के संभलपुर से गांजा लाकर मिर्जापुर, प्रयागराज और आसपास के जिलों में सप्लाई करने जा रहे थे। मौके से तीन मोबाइल फोन और 510 रुपये नकद भी बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में प्रयागराज निवासी सत्यम सिंह उर्फ राहुल सिंह (30), सौरभ मिश्रा उर्फ पुष्कर मिश्रा (24), विकास तिवारी उर्फ विक्कू (24), राजन तिवारी उर्फ विश्वजीत तिवारी (40) और पवन पाण्डेय (28) शामिल हैं। इनमें पवन पाण्डेय थाना पड़री का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
