जालौन में ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत:साथी गंभीर रूप से घायल, गाड़ी लेकर चालक मौके से फरार
![]()
जालौन में ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत:साथी गंभीर रूप से घायल, गाड़ी लेकर चालक मौके से फरार
जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में युवक विभांशु पटेल की मृत्यु हो गई। इस दुर्घटना में उसका 27 वर्षीय साथी प्रद्युम्न याज्ञिक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा झांसी रोड पर हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, उरई कोतवाली के मैकेनिक नगर निवासी विभांशु पटेल पुत्र देवेंद्र कुमार एमए कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। शनिवार रात वह अपने मित्र प्रद्युम्न याज्ञिक निवासी पटेल नगर के साथ बाइक से किसी काम से निकला था। दोनों झांसी रोड की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने विभांशु पटेल को मृत घोषित कर दिया। प्रद्युम्न याज्ञिक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। मृतक विभांशु पटेल अपने पिता देवेंद्र कुमार का इकलौता बेटा था। उनकी एक शादीशुदा बेटी भी है। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बताया- अज्ञात ट्रैक्टर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
