भाजपा के पहले जिलाध्यक्ष डॉ. मदन पाल शर्मा का निधन:1980 में बने थे बुलंदशहर के जिलाध्यक्ष, आवास पर अंतिम सांस ली
![]()
भाजपा के पहले जिलाध्यक्ष डॉ. मदन पाल शर्मा का निधन:1980 में बने थे बुलंदशहर के जिलाध्यक्ष, आवास पर अंतिम सांस ली
बुलंदशहर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बुलंदशहर जनपद के प्रथम जिलाध्यक्ष डॉ. मदन पाल शर्मा का रविवार को निधन हो गया। उन्होंने डीएम रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी में अपने आवास पर अंतिम सांस ली। डॉ. मदन पाल शर्मा का अंतिम संस्कार देवीपुरा स्थित काली मंदिर श्मशान घाट पर पूरे सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके पार्थिव शरीर को भाजपा के झंडे से ढककर श्रद्धांजलि अर्पित की। डॉ. मदन पाल शर्मा को जनसंघ के बाद भारतीय जनता पार्टी के गठन के समय 6 अप्रैल 1980 को बुलंदशहर का पहला जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उन्होंने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और लंबे समय तक पार्टी के प्रति समर्पित रहे। उनके पुत्र सुनील कुमार शर्मा बिबकोल कंपनी में एवीपी पद से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में व्यवस्था प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। उनकी पुत्रवधू शशि शर्मा भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष हैं। डॉ. मदन पाल शर्मा के निधन पर भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने उनके योगदान को याद करते हुए इसे संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
