श्रावस्ती में भूमि विवादों के लिए श्रावस्ती ‘मॉडल’ शुरू:7 अप्रैल से राजस्व-पुलिस टीमें 190 गांवों में करेंगी मौके पर विवादों का समाधान
![]()
श्रावस्ती में भूमि विवादों के लिए श्रावस्ती ‘मॉडल’ शुरू:7 अप्रैल से राजस्व-पुलिस टीमें 190 गांवों में करेंगी मौके पर विवादों का समाधान
श्रावस्ती में भूमि विवादों के त्वरित समाधान के लिए ‘श्रावस्ती मॉडल’ की शुरुआत की गई है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से इस पहल की घोषणा की। इसके तहत 7 अप्रैल से जनपद में एक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें राजस्व और पुलिस विभाग की टीमें मौके पर ही विवादों का निपटारा करेंगी। प्रशासन के अनुसार, जनसुनवाई, आईजीआरएस, तहसील दिवस और थाना दिवस पर बड़ी संख्या में भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें आती हैं। इनमें से अधिकांश विवादों का समाधान राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर आपसी सहमति से किया जा सकता है। इसी आवश्यकता को देखते हुए यह अभियान तैयार किया गया है। अभियान के लिए प्रत्येक थाने में राजस्व और पुलिस की दो-दो टीमें गठित की गई हैं। राजस्व टीम में तहसीलदार, नायब तहसीलदार या राजस्व निरीक्षक प्रभारी होंगे, जिनके साथ चार लेखपाल रहेंगे। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक, वरिष्ठ उपनिरीक्षक या चौकी इंचार्ज के नेतृत्व में चार कांस्टेबल तैनात किए जाएंगे। चिन्हित गांवों का दौरा कर भूमि विवादों का निस्तारण करेंगी ये संयुक्त टीमें हर सप्ताह मंगलवार और शुक्रवार को चिन्हित गांवों का दौरा कर भूमि विवादों का निस्तारण करेंगी। संबंधित पक्षकारों को पहले से सूचना दी जाएगी, ताकि वे मौके पर उपस्थित होकर आपसी सहमति से विवाद सुलझा सकें।निस्तारण के बाद, टीमें उसी दिन शाम को निर्धारित प्रारूप में अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को सौंपेंगी। यह अभियान 7 अप्रैल से शुरू होगा, जिसके पहले चरण में जनपद के 190 गांवों को शामिल किया गया है। प्रशासन का मानना है कि ‘श्रावस्ती मॉडल’ से भूमि विवादों का समयबद्ध समाधान होगा। इससे न्यायालयों पर मुकदमों का बोझ कम होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं सौहार्द का माहौल स्थापित होगा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
