अवेंजर्स ने चैलेंजर को 5 विकेट से हराया:रामपुर सुपर लीग के मोहसिन मलिक बने हीरो, मोहसिन खान का शतक बेकार गया
![]()
अवेंजर्स ने चैलेंजर को 5 विकेट से हराया:रामपुर सुपर लीग के मोहसिन मलिक बने हीरो, मोहसिन खान का शतक बेकार गया
रामपुर सुपर क्रिकेट T25 लीग में रामपुर अवेंजर्स ने रामपुर चैलेंजर को पांच विकेट से हरा दिया। रामपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह मुकाबला रविवार को खेला गया, जो बेहद रोमांचक रहा और आखिरी ओवर तक दर्शकों में उत्सुकता बनी रही। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रामपुर चैलेंजर ने निर्धारित 25 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 199 रन बनाए। टीम के बल्लेबाज मोहसिन खान ने टूर्नामेंट का पहला शतक जड़ते हुए 88 गेंदों में 127 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 13 चौके और 6 छक्के शामिल थे। मोहम्मद कासिम ने भी 27 रन का योगदान दिया। अवेंजर्स के लिए गेंदबाजी में राहुल शर्मा ने 5 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए। मेहंदी हसन ने भी किफायती गेंदबाजी की और 5 ओवर में केवल 13 रन दिए, हालांकि उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। 200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रामपुर अवेंजर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उनके सलामी बल्लेबाज जल्दी आउट हो गए। इसके बाद मोहसिन मलिक और हर्ष त्यागी ने पारी को संभाला और 120 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। मोहसिन मलिक ने 62 रन और हर्ष त्यागी ने 55 रन बनाए। अंत में अब्दुल रज्जाक ने 30 रन और मेहंदी हसन ने तेजी से 14 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। अवेंजर्स ने यह मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम किया।
चैलेंजर के कप्तान मोहसिन खान ने गेंदबाजी में भी 3 विकेट लिए, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। मोहसिन मलिक को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार उन्हें रामपुर के संजीव कुमार ने प्रदान किया। इस अवसर पर रामपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष इरफान हुसैन, पूर्व खिलाड़ी विनय शर्मा, नावेद खान, नितिन कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। मैच में रवी कौशिक और राहुल कुमार ने अंपायरिंग की, जबकि निश्चल चहल तीसरे अंपायर रहे। अपूर्व यादव ने स्कोरिंग का कार्य संभाला।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
