संभल में मदरसा-मस्जिद और 5 दुकानों पर चला बुलडोजर:4 बीघा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा, 20 घंटे में पूरा अवैध निर्माण हटेगा
![]()
संभल में मदरसा-मस्जिद और 5 दुकानों पर चला बुलडोजर:4 बीघा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा, 20 घंटे में पूरा अवैध निर्माण हटेगा
संभल में सरकारी खाद के गड्ढे और खेल के मैदान पर अवैध रूप से बनाए गए मदरसा, मस्जिद और पांच दुकानों को बुलडोजर से हटाया जा रहा है। राजस्व प्रशासन ने अवैध कब्जाधारियों को निर्माण हटाने के लिए आठ दिन का अल्टीमेटम दिया था, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने स्वयं ही तोड़फोड़ शुरू कर दी थी। यह मामला संभल जनपद के थाना असमोली क्षेत्र के गांव मुबारकपुर बंद का है। रविवार को सुबह 11:18 बजे बुलडोजर मौके पर पहुंचा और ग्राम समाज की साढ़े तीन बीघा भूमि पर बने ग़ौसुल मदरसा, मस्जिद और पांच दुकानों के अवैध निर्माण को ध्वस्त करना शुरू किया। इस दौरान मस्जिद के बाहर लगी समाजवादी पार्टी की विधायक पिंकी यादव की निधि से स्थापित एक साल से खराब पड़ी पानी की प्याऊ को भी हटा दिया गया। ग्राम प्रधानपति हाजी मुनव्वर ने बताया कि पहले मजदूर लगाकर निर्माण तोड़ा जा रहा था, लेकिन प्रशासन द्वारा दिए गए आठ दिन के समय में यह संभव नहीं था। उन्होंने तहसीलदार से जेसीबी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। तहसीलदार द्वारा जेसीबी मुहैया कराई गई है, जिसका किराया 1000 रुपये प्रति घंटा ग्रामीणों द्वारा दिया जाएगा। निर्माण हटाने में लगभग 20 घंटे का समय लगने का अनुमान है। बुलडोजर कार्रवाई की 5 तस्वीरें देखिए… हाजी मुनव्वर के अनुसार, गाटा संख्या 623 और 630 में कुल चार बीघा भूमि पर अवैध निर्माण किया गया था, जिसमें दो स्कूल भी शामिल थे। ध्वस्त की गई दुकानों में हामिद पुत्र नूरुद्दीन की समोसा-पकौड़े की दुकान, अफजल पुत्र सुलेमान की हरी सब्जी की दुकान, शाने आलम पुत्र पीर बख्श की समोसा-पकौड़े की दुकान, फरमान पुत्र कल्लू का मेडिकल स्टोर और अजगर पुत्र इलियास का जन सेवा केंद्र शामिल थे। सरकारी भूमि से अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई को शांतिपूर्वक संपन्न करने के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया, वहीं हल्का लेखपाल से राजस्व प्रशासन की टीम भी गांव पहुंची। डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया के आदेश पर तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने ग्राम समाज की भूमि का सीमांकन कर कब्जा मुक्त कराए जाने के संबंध में राजस्व निरीक्षक गुमसानी चंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में हल्का लेखपाल सुरेंद्र सिंह, पीयूष शर्मा, अमित प्रथम, अनुराग शर्मा और सुभाष चंद्र की टीम गठित की गई। गाटा संख्या 623, रकवा 0.112 हेक्टेयर (खाद के गडढे) और गाटा संख्या 630, रकवा 0.126 हेक्टेयर खेल का मैदान की पैमाइश होनी है। पिछले हफ्ते राजस्व प्रशासन की पैमाइश के बाद आबिद को अवैध निर्माण तोड़ने का ठेका दिया गया है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
