रामपुर में खेत विवाद में फायरिंग, एक घायल:पिता-पुत्र गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद; सगे भाइयों में हुआ झगड़ा
![]()
रामपुर में खेत विवाद में फायरिंग, एक घायल:पिता-पुत्र गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद; सगे भाइयों में हुआ झगड़ा
रामपुर के बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में खेत के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में फायरिंग हो गई। शनिवार दोपहर करीब दो बजे गांव गुलड़िया ट्यूला में पुश्तैनी जमीन पर मेढ़ डालने को लेकर सगे भाई आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोली चला दी, जिससे प्रेम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल प्रेम सिंह को तत्काल उपचार के लिए उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके पुत्र जरनैल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि विवाद खेत की मेढ़ को लेकर था। एक पक्ष चाहता था कि मेढ़ खेत के बीच में डाली जाए, जिससे जमीन का बराबर बंटवारा हो सके और दोनों को सड़क की ओर हिस्सा मिले। पुलिस कर रही मामले की जांच हालांकि, आरोपी पक्ष ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और फायरिंग की घटना हुई। तहरीर के मुताबिक, प्रेम सिंह अपने भाई गुरविंदर सिंह के साथ खेत में मेढ़ डाल रहे थे। इसी दौरान गुरशान सिंह और उनके पिता कुलदीप सिंह वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर गुरशान सिंह ने पिस्तौल निकालकर प्रेम सिंह पर गोली चला दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने माठखेड़ा मार्ग से गुरशान सिंह और कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गुरशान सिंह की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा, कारतूस और मैगजीन बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
