मऊ पुलिस लाइन में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर:सैकड़ों पुलिसकर्मियों और परिजनों का हुआ उपचार
![]()
मऊ पुलिस लाइन में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर:सैकड़ों पुलिसकर्मियों और परिजनों का हुआ उपचार
मऊ पुलिस लाइन में रविवार को एक मासिक निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें पुलिसकर्मी और उनके परिजनों ने बड़ी संख्या में स्वास्थ्य जांच और उपचार का लाभ उठाया। शिविर में सुबह से ही पुलिस परिवार के सदस्य पहुंचने लगे थे। दिन भर चले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही। प्रतिभागियों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श और होम्योपैथिक दवाएं वितरित की गईं। जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमेश कुमार सिंह ने बताया कि इस मासिक चिकित्सा शिविर के माध्यम से पुलिस परिवारों के लिए स्वास्थ्य परामर्श, दवा वितरण, शिक्षा, कौशल विकास और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने जैसे विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शासन के निर्देशानुसार अब हर महीने रविवार को यह मासिक चिकित्सा शिविर नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।
डॉ. सिंह ने आगे कहा कि अन्य स्थानों पर भी होम्योपैथिक दवाओं के शिविर लगाकर लोगों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाई जा रही है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जा रहा है। इस शिविर में त्वचा रोगों, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी जीवनशैली से जुड़ी समस्याओं, और पुरानी बीमारियों के लिए व्यापक परामर्श प्रदान किया गया। सीओ दिनेश दत्त ने जानकारी दी कि सरकार की मंशा के अनुरूप पुलिस लाइन में होम्योपैथिक शिविर का आयोजन प्रत्येक महीने के पहले रविवार को किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस शिविर से पुलिस विभाग की महिलाएं, बच्चे और अन्य परिजन उपचार करवाकर काफी लाभ उठा रहे हैं। सीओ दिनेश दत्त ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह स्वयं मधुमेह की दवाएं लेते हैं और उन्हें इससे काफी आराम मिला है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
