अयोध्या में 30 लाख गबन, थानाध्यक्ष-सिपाही निलंबित:उप डाकपाल ने मृतकों के नाम पर सिपाही के खाते में ट्रांसफर किए थे रुपए
![]()
अयोध्या में 30 लाख गबन, थानाध्यक्ष-सिपाही निलंबित:उप डाकपाल ने मृतकों के नाम पर सिपाही के खाते में ट्रांसफर किए थे रुपए
अयोध्या जिले में 30 लाख रुपये के गबन मामले में लापरवाही बरतने पर गोसाईगंज थानाध्यक्ष और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने भ्रष्टाचार और लापरवाही के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए यह कार्रवाई की है। यह मामला महबूबगंज उप डाकघर से संबंधित है, जहां के उप डाकपाल शिवांशु श्रीवास्तव को 16 मई को ही निलंबित कर दिया गया था। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के समदा गांव निवासी सगीर खां, उनके पुत्र शमशेर खां और पत्नी कैसर जहां ने 11 जनवरी 2024 को 30 लाख रुपये के तीन किसान विकास पत्र खरीदे थे। आरोप है कि उप डाकपाल शिवांशु श्रीवास्तव ने 10 मई को इन तीनों निवेशकों को मृत दिखाकर उनके केवीपी खाते बंद कर दिए। उन्होंने पूरी धनराशि नॉमिनी मुमताज जहां के खाते में स्थानांतरित कर दी, जबकि मुमताज जहां को इसकी कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद 13 मई को उनके खाते से 15 लाख रुपये निकाल लिए गए। विभागीय जांच में खुलासा हुआ कि उसी दिन महबूबगंज पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही अजय यादव के बैंक खाते में 15 लाख रुपये जमा किए गए थे। जांच में शिवांशु और अजय यादव के बीच करीबी संबंध होने की बात भी सामने आई है। इसके अतिरिक्त, अजय यादव द्वारा शिवांशु की पत्नी आयुषी श्रीवास्तव के लखनऊ स्थित बैंक खाते में भी धनराशि स्थानांतरित करने के प्रमाण मिले हैं। उप मंडलीय निरीक्षक हरिमोहन सिंह ने कई बार गोसाईगंज थानाध्यक्ष शारदेंदु दुबे को एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था। हालांकि, सिपाही की संलिप्तता के कारण मामले को टाल दिया गया। जब यह प्रकरण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तक पहुंचा, तो उन्होंने तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए, लेकिन फिर भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इस गंभीर लापरवाही के मद्देनजर, एसएसपी ने शनिवार को थानाध्यक्ष शारदेंदु दुबे और सिपाही अजय यादव को निलंबित कर दिया। साथ ही, आरोपी शिवांशु श्रीवास्तव, अजय यादव और आयुषी श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। निलंबित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी जारी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
