बस्ती में विवाहिता की जलकर मौत:परिजनों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप, पति से आए दिन होता था विवाद
![]()
बस्ती में विवाहिता की जलकर मौत:परिजनों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप, पति से आए दिन होता था विवाद
बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। यह घटना चौगड़वा गांव की है, जहां 30 वर्षीय सीमा प्रजापति गंभीर रूप से झुलसी हुई मिली थीं। जानकारी के अनुसार, घटना के बाद पति राम सूरत प्रजापति सीमा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत ले गए। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दर्शननगर मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका का पोस्टमार्टम लखनऊ में होगा। मृतका के मायके पक्ष ने बताया कि सीमा की शादी मई 2018 में छावनी थाना क्षेत्र के कोहल तिवारी गांव निवासी राम सूरत प्रजापति से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इस संबंध में कई बार गांव में पंचायतें हुईं और मामला थाने तक भी पहुंचा, जहां सुलह-समझौता कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि घटना के समय घर में मौजूद मृतका की बेटी ने भी अपने पिता पर मां को जलाकर मारने का आरोप लगाया है। हालांकि, कोहल तिवारी गांव के कुछ लोगों ने विवाहिता के परिवार पर भी मारपीट और हत्या के आरोप लगाए हैं, जिससे मामला और जटिल हो गया है। घटना की सूचना मिलने पर बस्ती से फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। थानाध्यक्ष छावनी चंदन कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
