अवंतिका नहीं अमन निकला हत्या का आरोपी:मेडिकल जांच में खुलासा, समलैंगिक संबंधों के चलते हुई साक्षर की हत्या
![]()
अवंतिका नहीं अमन निकला हत्या का आरोपी:मेडिकल जांच में खुलासा, समलैंगिक संबंधों के चलते हुई साक्षर की हत्या
बुलंदशहर में साक्षर कौशिक हत्याकांड में नए खुलासे हुए हैं। जिस आरोपी को अब तक ‘अवंतिका किन्नर’ बताया जा रहा था, वह अमन नाम का एक युवक निकला है। मेडिकल जांच में उसके पुरुष होने की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार, समलैंगिक संबंधों के चलते साक्षर की हत्या की गई थी। पुलिस ने बताया कि अमन उर्फ अवंतिका जागरण पार्टियों में राधा, पार्वती सहित देवी-देवताओं के स्वरूप में नृत्य करता था। इसी पहचान का उपयोग कर वह लोगों को भ्रमित करता रहा। अमन अपनी कलाकारी से ही अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी दीपक के साथ अमन के पिछले पांच वर्षों से संबंध थे। पुलिस के अनुसार, होली से पहले दीपक ने अमन और साक्षर को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इस घटना के बाद से उनके बीच विवाद गहराता चला गया। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश के चलते साक्षर कौशिक की हत्या की साजिश रची गई थी। योजना के तहत, आरोपी देवेश साक्षर को उसके घर से बुलाकर देवीपुरा के पीछे जंगलों में ले गया, जहां उन्होंने शराब पी। जब साक्षर ने और शराब मांगी, तो देवेश ने अपने दोस्त का जन्मदिन होने की बात कहकर उसे चंदेरू ले जाने का प्रस्ताव दिया। देवेश ने पहले ही मुख्य आरोपी दीपक और उसके अन्य साथियों को इसकी सूचना दे दी थी। भूड चौराहे पर साक्षर का फोन लेकर उसे बंद कर दिया गया था। जैसे ही साक्षर चंदेरू पहुंचा, वहां पहले से मौजूद दीपक ने उस पर डंडे से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद, दीपक ने अपनी बनियान से साक्षर का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। मौत सुनिश्चित होने के बाद भी, आरोपियों ने उसके चेहरे पर ईंट से कई वार कर शव को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। शराब का नशा कम होने पर, आरोपी फावड़ा लेकर बाग पहुंचे और गड्ढा खोदकर साक्षर के शव को दबा दिया था। पुलिस इस जघन्य हत्याकांड के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। जेल प्रशासन के सूत्रों के मुताबिक अमन को पुरुष बैरक में राखा गया है। नगर कोतवाली प्रभारी धर्मेन्द्र राठौर ने बताया कि मेडिकल जाँच में अमन उर्फ़ अवंतिका पुरुष (मेल) निकला है, जो किन्नर की तरह रहता था।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
