एटा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने तीमारदारों को पीटा:2 डॉक्टर सहित 10 पर FIR दर्ज, तीमारदार से अभद्रता के बाद शुरू हुई मारपीट
![]()
एटा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने तीमारदारों को पीटा:2 डॉक्टर सहित 10 पर FIR दर्ज, तीमारदार से अभद्रता के बाद शुरू हुई मारपीट
एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार दोपहर डॉक्टरों द्वारा मरीज के तीमारदारों के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया। मामले में डॉक्टर मुकेश परमार और डॉक्टर अंकित समेत 10 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई है। वहीं, डॉक्टर पक्ष की ओर से भी क्रॉस FIR दर्ज कराई गई है। पंकज गुप्ता अपने पत्रकार साथी ज्ञानेश कुमार के बेटे का इलाज करवाने मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अंकित ने मरीज के परिजनों और तीमारदारों के साथ कथित अभद्रता की। जब परिजनों ने इसका विरोध किया, तो डॉक्टर मुकेश परमार आठ-दस अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि पत्रकार ज्ञानेश कुमार को जातिसूचक गालियां दी गईं, उनका गला दबाया गया और मारपीट की गई। मरीज के परिजनों को भी पीटा गया और मासूम बच्चे को अस्पताल से बाहर निकाल दिया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि डॉक्टरों ने अपने निजी अस्पताल में ऑपरेशन करवाने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की। इसी के चलते विवाद और बढ़ गया। जिलाधिकारी ने बनाई जांच कमेटी इस घटना के बाद मरीज के परिजनों और पत्रकारों में भारी आक्रोश फैल गया। विवाद इतना बढ़ा कि मौके पर भारी पुलिस बल बुलाना पड़ा। एटा के जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, जबकि नाराज पत्रकार संगठन डॉक्टरों के रवैये के खिलाफ धरने पर बैठ गए हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
